भारत की समृद्ध और बहुरंगी संगीत परंपरा को नए अंदाज़ में पेश करने वाला मंच कोक स्टूडियो भारत एक बार फिर अपने चौथे सीजन के साथ लौट आया है, और इसकी शुरुआत हुई है बेहद भावुक ट्रैक ‘ऐ अजनबी’ से। यह गाना सिर्फ एक धुन नहीं, बल्कि उन अनकहे जज़्बातों की कहानी है जो वक्त के साथ बदलते नहीं—सिर्फ उनके इज़हार के तरीके बदल जाते हैं।
आदित्य रिखारी की सादगी भरी आवाज़, लोक संगीत के उस्ताद कुतले खान की रूहानी गहराई और रैवाटॉर के आधुनिक प्रोडक्शन का संगम इस गीत को एक अनोखी पहचान देता है। ‘ऐ अजनबी’ दो दौरों के बीच संवाद जैसा लगता है—एक वो दौर जब प्यार चिट्ठियों में सांस लेता था, और दूसरा जब वही एहसास अनसेंट मैसेज में कैद रह जाता है।
यह गीत न सिर्फ यादों की नरमी को छूता है, बल्कि आज की बेचैनियों को भी उतनी ही शिद्दत से महसूस कराता है। लोक और पॉप के मेल से तैयार यह ट्रैक साबित करता है कि संगीत की असली ताकत समय की सीमाओं को पार कर दिलों को जोड़ने में है। ‘ऐ अजनबी’ के साथ कोक स्टूडियो भारत ने एक बार फिर यह जता दिया है कि बदलते दौर में भी भावनाएं हमेशा अमर रहती हैं।

