“है जवानी तो इश्क होना है’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए आखिरकार बड़ा दिन आ ही गया। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म का ट्रेलर अब रिलीज कर दिया गया है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, कन्फ्यूजन, फैमिली ड्रामा और जबरदस्त एंटरटेनमेंट का ऐसा तड़का देखने को मिला है, जिसने फैंस का एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ा दिया है। फिल्म में वरुण धवन एक बार फिर अपने पुराने कॉमिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर लीड रोल में दिखाई दे रही हैं। ट्रेलर देखकर साफ लग रहा है कि मेकर्स ने फैमिली एंटरटेनर और मसाला कॉमेडी का पूरा फॉर्मूला अपनाया है। दरअसल, फिल्म का ट्रेलर 22 मई को रिलीज होने वाला था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते इसे आखिरी समय में रोक दिया गया। इसके बाद फैंस काफी निराश हो गए थे और सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेलर रिलीज की मांग कर रहे थे। अब आज शनिवार को ट्रेलर सामने आते ही फैंस का इंतजार खत्म हो गया और देखते ही देखते वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।
ट्रेलर की शुरुआत वरुण धवन और मृणाल ठाकुर की रोमांटिक केमिस्ट्री से होती है। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वरुण पिता बनना चाहते हैं और मृणाल इसके लिए तैयार नहीं होतीं। इसी बीच वरुण की जिंदगी में पूजा हेगड़े की एंट्री होती है और कहानी पूरी तरह उलझ जाती है। पूजा हेगड़े के साथ वरुण का अफेयर शुरू हो जाता है और फिर एक ऐसा मोड़ आता है, जहां दोनों महिलाओं की तरफ से एक साथ प्रेग्नेंसी की खबर मिलती है। इसके बाद ट्रेलर में कन्फ्यूजन, झूठ, भागदौड़ और कॉमेडी का जबरदस्त सिलसिला शुरू हो जाता है।
हर सीन में डेविड धवन स्टाइल की क्लासिक कॉमेडी नजर आती है। फिल्म का ट्रेलर देखकर कई लोगों को गरम मसाला की याद आ गई। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार कह रहे हैं कि यह फिल्म पुराने दौर की मसाला कॉमेडी फिल्मों की याद दिला रही है। कई फैंस ने इसे “फुल पैसा वसूल एंटरटेनर” बताया है। ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा जिस चीज की हो रही है, वह है सुपरस्टार सलमान खान के सुपरहिट गाने ‘चुनरी चुनरी’ का रीमिक्स वर्जन। जैसे ही गाना बैकग्राउंड में बजता है, ट्रेलर का पूरा माहौल और ज्यादा एनर्जेटिक हो जाता है। फैंस को यह ट्विस्ट बेहद पसंद आया है और अब सोशल मीडिया पर सलमान खान के कैमियो की मांग भी तेज हो गई है।
फैंस का मानना है कि अगर फिल्म में सलमान खान की छोटी सी एंट्री भी हुई तो यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक कैमियो को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रेलर में एक और नाम जिसने लोगों का ध्यान खींचा है, वह हैं राकेश बेदी। हाल ही में ‘धुरंधर’ में उनके जमील जमाली वाले किरदार ने खूब लोकप्रियता हासिल की थी और अब इस फिल्म में भी उनकी कॉमिक टाइमिंग फैंस को बेहद पसंद आ रही है। ट्रेलर में उनकी एंट्री के बाद सोशल मीडिया पर कई मजेदार मीम्स और रिएक्शन वायरल हो रहे हैं।
डेविड धवन की कॉमेडी का तड़का, स्टारकास्ट ने बढ़ाया एक्साइटमेंट
फिल्म को मशहूर निर्देशक डेविड धवन ने डायरेक्ट किया है, जो लंबे समय से अपनी कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। डेविड धवन की फिल्मों की खासियत हमेशा से हल्की-फुल्की कॉमेडी, मजेदार डायलॉग और फैमिली एंटरटेनमेंट रही है और इस ट्रेलर में भी वही अंदाज देखने को मिला है। ट्रेलर देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म पूरी तरह पुराने बॉलीवुड मसाला एंटरटेनमेंट की फील देने वाली है, जिसमें रोमांस के साथ-साथ कॉमिक कन्फ्यूजन भरपूर होगा।
वरुण धवन भी अपने पिता डेविड धवन के साथ पहले कई हिट कॉमेडी फिल्मों में काम कर चुके हैं और इस बार भी दोनों की जोड़ी से फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं। फिल्म में सिर्फ वरुण, पूजा और मृणाल ही नहीं, बल्कि कई दमदार कलाकार भी नजर आने वाले हैं। जिमी शेरगिल, मनीष पॉल, अली असगर, चंकी पांडे, मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राजेश कुमार भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। ट्रेलर में हर कलाकार की झलक छोटी जरूर है, लेकिन असरदार दिखाई देती है। खासकर मनीष पॉल और जिमी शेरगिल के डायलॉग्स फैंस को खूब पसंद आ रहे हैं। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और ट्रेलर के बाद इसका बज लगातार तेजी से बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर फैंस इसे साल की सबसे बड़ी कॉमेडी एंटरटेनर बता रहे हैं।
कई यूजर्स का कहना है कि लंबे समय बाद ऐसी बॉलीवुड कॉमेडी फिल्म देखने को मिलेगी, जिसमें फैमिली ड्रामा, रोमांस और फुल ऑन एंटरटेनमेंट एक साथ देखने को मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘है जवानी तो इश्क होना है’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है, लेकिन फिलहाल ट्रेलर ने इतना जरूर साबित कर दिया है कि डेविड धवन एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और गुदगुदाने के लिए पूरी तैयारी के साथ लौटे हैं।

