फिल्मों की रिलीज से पहले धार्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लेने की परंपरा बॉलीवुड में लंबे समय से रही है और अभिनेता अक्षय कुमार भी इस परंपरा को निभाते हुए नजर आए। अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज से पहले अक्षय कुमार गुरुवार को जम्मू-कश्मीर स्थित पवित्र मां वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया। अभिनेता का यह दौरा न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि उनके प्रशंसकों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया। मंदिर परिसर से सामने आए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सफेद पारंपरिक कुर्ता-पायजामा पहने अक्षय बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आए। उन्हें देखते ही वहां मौजूद फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। रिलीज से ठीक पहले अभिनेता का यह आध्यात्मिक दौरा फिल्म को लेकर बढ़ रही चर्चा को और तेज कर गया है। अक्षय कुमार लंबे समय से अपनी धार्मिक आस्था के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर अपनी फिल्मों की रिलीज से पहले मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं।
इससे पहले भी वह कई बार माता वैष्णो देवी, उज्जैन के महाकाल मंदिर और अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों पर दर्शन करते नजर आ चुके हैं। माना जाता है कि किसी बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत या रिलीज से पहले वह ईश्वर का आशीर्वाद लेना नहीं भूलते। माता वैष्णो देवी मंदिर से सामने आए वीडियो में अक्षय कुमार सुरक्षा घेरे के बीच मंदिर परिसर में चलते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनके प्रशंसकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। कई लोग उनके साथ सेल्फी लेने और हाथ मिलाने की कोशिश करते नजर आए। अभिनेता ने भी मुस्कुराते हुए फैंस का अभिवादन किया। सोशल मीडिया पर उनके इस दौरे को लेकर लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और फैंस फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
26 जून को रिलीज होगी ‘वेलकम टू द जंगल’, 34 सितारों से सजी है स्टार कास्ट
‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों से मिला-जुला प्रतिक्रिया मिली। हालांकि फिल्म के गानों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘दीवाने हैं’ रिलीज किया, जिसे अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी साझा किया। गाने को शेयर करते हुए अभिनेता ने लिखा, “जंगल में केओस है, केओस में सेलिब्रेशन है और इस सेलिब्रेशन में सारे दीवाने हैं।” गाने में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट धमाकेदार अंदाज में नजर आ रही है। रिलीज के बाद से ही यह गीत सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की घोषणा वर्ष 2023 में की गई थी, लेकिन शूटिंग और प्रोडक्शन से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों के कारण इसकी रिलीज डेट कई बार आगे बढ़ानी पड़ी। करीब तीन साल के इंतजार के बाद अब यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टार कास्ट है। बताया जा रहा है कि फिल्म में करीब 34 कलाकार नजर आएंगे, जो इसे हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी मल्टीस्टारर फिल्मों में शामिल करता है।
अक्षय कुमार के अलावा फिल्म में सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ समेत कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी पहले से ही दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही है और अब ‘वेलकम टू द जंगल’ से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं। कॉमेडी, एक्शन, रोमांच और मनोरंजन से भरपूर इस फिल्म को लेकर मेकर्स को विश्वास है कि यह दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहेगी। ऐसे में रिलीज से कुछ दिन पहले मां वैष्णो देवी के दरबार में अक्षय कुमार की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर उत्साह और चर्चा दोनों को नई गति दे दी है।

