बॉलीवुड में जब भी कॉमेडी फ्रेंचाइजी की बात होती है तो ‘वेलकम’ का नाम सबसे पहले लिया जाता है। लंबे इंतजार के बाद अब इस सुपरहिट सीरीज की नई फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है और रिलीज से पहले ही फिल्म ने माहौल बनाना शुरू कर दिया है। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, परेश रावल, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी और जैकी श्रॉफ समेत दर्जनों सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की खूब चर्चा हुई और अब एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े भी इस बात के संकेत दे रहे हैं कि फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत कर सकती है।
26 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के लिए मेकर्स ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं।
कॉमेडी, एक्शन और एंटरटेनमेंट का तड़का लगाने वाली इस फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों ने टिकट खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन के लिए हजारों टिकट बेच दिए हैं, जिससे इसकी ओपनिंग को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं। ट्रेड वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग में 6,324 टिकट बेचकर करीब 16.11 लाख रुपये की कमाई कर ली है। वहीं ब्लॉक सीट्स को शामिल करने पर फिल्म का कुल एडवांस कलेक्शन लगभग 48.45 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
रिलीज से पहले मिले इस रिस्पॉन्स को देखकर ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वीकेंड तक फिल्म की बुकिंग में और तेजी आ सकती है। फिल्म के मेकर्स ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाने के लिए एक खास रणनीति भी अपनाई है। आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले यानी 25 जून की शाम को पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए जा रहे हैं। इससे फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलने की उम्मीद है, जिसका फायदा पहले दिन के कलेक्शन पर भी पड़ सकता है।
स्टार्स की फौज और कॉमेडी का तड़का, दर्शकों को मिलेगा फुल ऑन एंटरटेनमेंट
‘वेलकम टू द जंगल’ की सबसे बड़ी ताकत इसकी विशाल स्टारकास्ट मानी जा रही है। फिल्म में अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल और रवीना टंडन जैसे अनुभवी कलाकार नजर आएंगे, जबकि दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस ग्लैमर का तड़का लगाती दिखाई देंगी। इसके अलावा अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, आफताब शिवदासानी, दलेर मेहंदी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली सहित कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।
इतने बड़े कलाकारों का एक साथ आना अपने आप में इस फिल्म को खास बनाता है। ट्रेलर में दिखाई गई हल्की-फुल्की कॉमेडी, अजीबोगरीब परिस्थितियां और दमदार वन-लाइनर्स ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म के कई डायलॉग और सीन्स वायरल हो रहे हैं, जिससे रिलीज से पहले ही इसका बज बना हुआ है। अक्षय कुमार पिछले कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट की तलाश में हैं और ऐसे में ‘वेलकम टू द जंगल’ उनके लिए बेहद अहम फिल्म मानी जा रही है।
वहीं लंबे समय बाद एक साथ इतने बड़े कलाकारों को एक स्क्रीन पर देखने का मौका भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अब सभी की निगाहें 26 जून पर टिकी हैं। अगर एडवांस बुकिंग का यह रुझान जारी रहता है और पेड प्रीव्यू शो को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो ‘वेलकम टू द जंगल’ साल की बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बना सकती है। कॉमेडी, एक्शन, स्टार पावर और मनोरंजन का यह अनोखा मिश्रण बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाता है, इसका फैसला अब दर्शक करेंगे।

