आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन ने विशाखापत्तनम में एएए सिनेमाज लॉन्च कर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के प्रति अपने भरोसे को एक नई दिशा दी है। तेलुगु सिनेमा के मजबूत बाजार में शुरू हुआ यह प्रीमियम थिएटर दर्शकों को फिल्मों के साथ वर्ल्ड-क्लास सिनेमैटिक अनुभव देने की कोशिश है।
हाई-एंड टेक्नोलॉजी से लैस इस मल्टीप्लेक्स में भारत की पहली एलईडी प्रोजेक्शन क्यू-लक्सन स्क्रीन और आंध्र प्रदेश की सबसे बड़ी एलईडी सिनेमा स्क्रीन बताई गई है, जिसका आकार 70×30 फीट है। आठ स्क्रीन वाले इस थिएटर में कुल 1,556 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। खास आकर्षण में आइकॉन स्टार लाउंज, रिक्लाइनर गेस्ट्स के लिए एक्सक्लूसिव वीआईपी एंट्रेंस और प्राइवेट स्क्रीनिंग व इवेंट्स के लिए ‘82 लाउंज’ शामिल हैं।
अल्लू अर्जुन का यह कदम बताता है कि उनका विजन सिर्फ पर्दे पर स्टारडम तक सीमित नहीं, बल्कि सिनेमा के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करने तक फैला है। वहीं, उनकी अगली फिल्म ‘राका’ के नए अवतार ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

