एक तस्वीर, एक गलत पहचान और देखते ही देखते मच गया हड़कंप! टीवी और वेब जगत की जानी-मानी अभिनेत्री अंतरा बनर्जी उस समय बेहद परेशान हो गईं, जब एक एफआईआर से जुड़ी खबरों में कथित तौर पर उनकी तस्वीर और पहचान का इस्तेमाल कर दिया गया। अभिनेत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ शब्दों में कहा कि “मेरा इस FIR मामले से कोई संबंध नहीं है।”
‘बढ़ो बहू’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘कवच महाशिवरात्रि’, ‘दिव्य दृष्टि’, ‘हीरो–गायब मोड ऑन’, ‘लाल इश्क’, ‘गुमराह’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे शोज से पहचान बना चुकीं अंतरा के मुताबिक एफआईआर वास्तव में अंतरा सोहम बनर्जी, ठाणे निवासी एक मॉडल, से संबंधित है। बावजूद इसके कुछ रिपोर्ट्स में अभिनेत्री की तस्वीर प्रकाशित होने से उनकी पहचान को लेकर भ्रम पैदा हो गया। अंतरा ने बताया कि खबरें सामने आने के बाद महज 24 घंटे में उन्हें 900 से अधिक फोन कॉल, व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया संदेश मिले। अचानक आई इस स्थिति ने उन्हें और उनके परिवार को मानसिक तनाव में डाल दिया।
अभिनेत्री ने कहा, “एक साधारण सत्यापन से यह स्पष्ट हो सकता था कि मेरा इस मामले से कोई संबंध नहीं है। मेरी वर्षों की मेहनत से बनी पहचान को एक गलती की वजह से नुकसान पहुंचा है।” अंतरा ने मीडिया संस्थानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से अपील की कि जहां भी उनकी तस्वीर या पहचान गलत तरीके से इस्तेमाल हुई है, वहां तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य मीडिया की आलोचना करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार पत्रकारिता और तथ्य-जांच की अहमियत को सामने लाना है। उनका संदेश साफ है—गलत सूचना कुछ मिनटों में फैल सकती है, लेकिन किसी की प्रतिष्ठा बनाने में वर्षों लगते हैं।

