महाराष्ट्र की मिट्टी, लोकपरंपरा और मॉडर्न म्यूज़िक का जबरदस्त संगम अब ‘गोंधळ’ के नए गाने ‘चिमणा’ में सुनाई दे रहा है। अवॉर्ड-विनिंग मराठी थ्रिलर ‘गोंधळ’ के पारंपरिक लोकगीत ‘एक चिमणा चिवचिवाला’ को रैपर बादशाह ने अपने सिग्नेचर रैप स्वैग और कंटेम्पररी हिप-हॉप बीट्स से नया रंग दिया है। दिव्या कुमार, बादशाह, नागेश मोरवेकर और नेहा खान की आवाज़ों से सजा यह ट्रैक रिलीज़ के साथ ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर रहा है।
‘चिमणा’ की खासियत यह है कि इसमें लोकधुन की मूल आत्मा को बरकरार रखते हुए उसे आज की युवा और डिजिटल ऑडियंस के मुताबिक पेश किया गया है। पारंपरिक महाराष्ट्रीयन सुरों के साथ बादशाह की एनर्जी ट्रैक को ऐसा देसी-ग्लोबल फ्लेवर देती है, जो तुरंत जुड़ाव पैदा करता है।
अपनी मजबूत अवॉर्ड जर्नी के बाद ‘गोंधळ’ अब हिंदी समेत चार और भाषाओं में रिलीज़ के लिए तैयार है। फिल्म की कहानी परंपरा, जुनून, प्रेम और धोखे के बीच उलझे रिश्तों की रोमांचक दास्तान है। संतोष दावखर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के म्यूज़िक डायरेक्टर दिग्गज इलैयाराजा हैं। ‘चिमणा’ ने फिल्म की चर्चा को एक नई म्यूज़िकल ऊंचाई दे दी है।

