रिश्तों में भरोसा, वफादारी और समर्पण जैसे भाव आज के दौर में पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। इन्हीं संवेदनशील पहलुओं को कहानी का आधार बनाकर निर्माता रोहित राजावत अपनी पहली फीचर फिल्म ‘डिअर हस्बैंड’ लेकर आ रहे हैं। शूटिंग सेंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।
रोहित राजावत इससे पहले कई शॉर्ट फिल्मों और वेब सीरीज ‘निशाचर’ का निर्माण कर चुके हैं। अब फीचर फिल्म के निर्माता के तौर पर उनकी यह नई पारी रिश्तों की भावनात्मक दुनिया को बड़े पर्दे पर पेश करने की कोशिश है। वास्तविक घटना से प्रेरित ‘डिअर हस्बैंड ’ की कहानी हालांकि पूरी तरह काल्पनिक रूप से विकसित की गई है।
फिल्म में अजीत गोस्वामी और पूर्णिमा शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि रोहित राजावत भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। निर्देशन धर्मेंद्र कुमार ने किया है। उत्तर प्रदेश में शूट हुई यह फिल्म स्थानीय भाषा, संस्कृति और सामाजिक परिवेश को कहानी का अहम हिस्सा बनाती है। मेकर्स का दावा है कि दर्शकों को इसमें अपने आसपास के रिश्तों और जिंदगी की झलक महसूस होगी। उत्तर प्रदेश के बाद फिल्म को मुंबई और देश के अन्य हिस्सों में रिलीज करने की योजना है।

