अभिनय की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जो हर नई भूमिका के साथ अपनी पहचान बदल देते हैं। अदा शर्मा उन्हीं चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने करियर में हमेशा चुनौतीपूर्ण और अलग-अलग किरदारों को अपनाकर दर्शकों को प्रभावित किया है। अब वह सच्ची घटनाओं से प्रेरित अपनी पहली मराठी फिल्म ‘गजरा’ के जरिए एक नए सफर की शुरुआत करने जा रही हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर उत्सुकता बढ़ गई है, जिसमें अदा खून से लथपथ दुल्हन के बेहद रहस्यमयी और डरावने अवतार में नजर आ रही हैं। यह लुक इस बात का संकेत देता है कि एक बार फिर वह दर्शकों को अपने अभिनय से चौंकाने वाली हैं।
‘1920’ से हॉरर की दुनिया में यादगार शुरुआत करने वाली अदा ने ‘द केरल स्टोरी’ में भावनात्मक अभिनय से करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। ‘कमांडो 2’ और ‘कमांडो 3’ में उन्होंने दमदार एक्शन से अपनी फिटनेस और स्टंट कौशल का परिचय दिया, जबकि ‘सनफ्लावर सीज़न 2’ में कॉमिक टाइमिंग और ग्लैमर का नया रंग दिखाया। ‘रीता सान्याल’ में आठ अलग-अलग अवतार निभाकर उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का अनूठा प्रदर्शन किया। अब ‘गजरा’ के साथ वह मराठी सिनेमा में कदम रख रही हैं। इसके अलावा अदा जल्द ही एक द्विभाषी फिल्म में देवी के किरदार और एक आलसी सुपरहीरो के बिल्कुल अलग अंदाज़ में भी नजर आएंगी, जिससे उनके बहुआयामी अभिनय का एक और रोमांचक अध्याय जुड़ने वाला है।

