टेलीविज़न के लोकप्रिय अभिनेता राहिल आज़म ने अपने म्यूज़िक वीडियो ‘शिद्दत: स्ट्रेंथ ऑफ़ इमोशन’ के साथ एक नई रचनात्मक पारी की शुरुआत की है। इस प्रोजेक्ट में उन्होंने केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि लेखक, निर्देशक, निर्माता और संपादक की जिम्मेदारी भी निभाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनके बैनर ‘विज़न ऑफ़ पैशन’ के तहत बने इस रिवेंज-थीम वाले म्यूज़िकल में प्रीति चौधरी उनके साथ नज़र आ रही हैं, जबकि संगीत, गीत और आवाज़ विनय राज सक्सेना की है।
मुंबई में आयोजित भव्य लॉन्च समारोह में निर्माता राजन शाही, अभिनेत्री रूपाली गांगुली सहित टीवी इंडस्ट्री के कई चर्चित सितारों ने शिरकत कर राहिल को उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएँ दीं। राजन शाही ने राहिल की मेहनत, सकारात्मक सोच और नए प्रयोग करने के जज़्बे की जमकर सराहना करते हुए विश्वास जताया कि दर्शक ‘शिद्दत’ को दिल से अपनाएंगे।
राहिल आज़म ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब है और इसे बनाने में उन्होंने हर छोटे-बड़े पहलू पर पूरी ईमानदारी से काम किया। उनका मानना है कि यदि गाना खत्म होने के बाद भी इसकी कहानी दर्शकों के दिल और दिमाग में बनी रहे, तो उनकी मेहनत सफल मानी जाएगी। ‘शिद्दत’ प्यार, दर्द, बदले और गहरे जज़्बातों की ऐसी कहानी है, जो राहिल के फिल्ममेकिंग सफर की यादगार शुरुआत बन सकती है।

