टेलीविजन के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। शो के निर्माताओं ने मंगलवार को ‘बिग बॉस 20’ का पहला प्रोमो जारी कर दिया, जिसमें अभिनेता सलमान खान एक बार फिर होस्ट की भूमिका में नजर आए। प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खास बात यह रही कि सलमान खान ने वीडियो में अपनी सुपरहिट फिल्म ‘करण-अर्जुन’ का जिक्र करते हुए ऐसा संकेत दिया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। जारी प्रोमो में सलमान खान एक घोड़े के साथ चलते दिखाई देते हैं। पूरे वीडियो में रहस्य और रोमांच का माहौल बनाया गया है। प्रोमो के अंत में सलमान कहते हैं, “जो करण-अर्जुन में हुआ था, वह अब बिग बॉस में दोबारा होगा तथास्टू।” उनके इस संवाद के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दर्शक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर सलमान खान किस बड़े सरप्राइज की ओर इशारा कर रहे हैं।
‘करण-अर्जुन’ बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में से एक रही है, जिसमें सलमान खान और शाहरुख खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ऐसे में प्रोमो में इस फिल्म का जिक्र होने के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि शो के ग्रैंड प्रीमियर में शाहरुख खान विशेष मेहमान के रूप में दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, अभी तक चैनल या निर्माताओं की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ‘बिग बॉस 20’ का प्रसारण 6 सितंबर से शुरू होगा। यह शो प्रतिदिन रात 9 बजे जियोहॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी शो को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बीते कई वर्षों से ‘बिग बॉस’ भारतीय टेलीविजन का सबसे चर्चित रियलिटी शो बना हुआ है और इसका हर नया सीजन नई थीम, नए नियमों और नए विवादों के कारण सुर्खियों में रहता है।
इस बार शो को लेकर एक और दिलचस्प चर्चा सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस सीजन में प्रतियोगी जोड़ियों के रूप में खेल सकते हैं। कुछ रिपोर्ट्स यह भी कह रही हैं कि शो में दो विजेताओं की घोषणा की जा सकती है। हालांकि, इन खबरों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में दर्शकों को शो के प्रीमियर तक इंतजार करना होगा। ‘बिग बॉस 20’ को खास बनाने के लिए मेकर्स कई नए प्रयोग करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि इस बार हिंदी संस्करण के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित होने वाले ‘बिग बॉस’ के सभी छह संस्करणों को एक साथ प्रस्तुत करने की योजना बनाई गई है। फेस्टिव सीजन के दौरान सभी संस्करणों को एक साथ लॉन्च करना अपने आप में एक बड़ा प्रयोग माना जा रहा है। इससे देशभर के दर्शकों को अलग-अलग भाषाओं के प्रतिभागियों और मनोरंजन का अनुभव एक ही समय पर मिल सकेगा।
सलमान खान की होस्टिंग को लेकर भी चर्चा का बाजार गर्म है। पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि अभिनेता इस बार पूरा सीजन होस्ट नहीं करेंगे। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने अपनी फीस में भी बड़ी कटौती की है। खबरों के मुताबिक, सलमान खान ने इस सीजन के लिए कथित तौर पर 120 करोड़ रुपये की जगह करीब 70 करोड़ रुपये फीस लेने का फैसला किया है। हालांकि, इस संबंध में न तो सलमान खान की ओर से और न ही शो के निर्माताओं की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
बिग बॉस 20 के प्रोमो के साथ संभावित प्रतिभागियों को लेकर भी तेज हुई चर्चा
‘बिग बॉस 20’ के प्रोमो के साथ ही संभावित प्रतिभागियों के नाम भी चर्चा में आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार मनोरंजन जगत के कई चर्चित चेहरों को शो के लिए संपर्क किया गया है। इनमें अभिनेत्री माही विज, गीता बसरा, जन्नत जुैर, अभिनेता अर्जुन बिजलानी, राम कपूर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा और मिस्टर फैजू जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कॉमेडियन सुनील पाल और शोविक चक्रवर्ती के नाम भी संभावित प्रतिभागियों की सूची में बताए जा रहे हैं। हालांकि, ‘बिग बॉस’ की परंपरा रही है कि अंतिम प्रतिभागियों की सूची को प्रीमियर से ठीक पहले तक गोपनीय रखा जाता है। ऐसे में फिलहाल इन नामों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
शो के प्रशंसकों का मानना है कि 20वें सीजन के मौके पर मेकर्स कुछ बड़ा और अलग करने की तैयारी में हैं। प्रोमो में सलमान खान के संवाद और रहस्यमय अंदाज ने इस उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर कई दर्शक यह अनुमान लगा रहे हैं कि इस बार शो में पुराने लोकप्रिय प्रतिभागियों की वापसी भी हो सकती है। कुछ लोग इसे ‘ऑल स्टार’ सीजन की तरह देखने की संभावना भी जता रहे हैं। ‘बिग बॉस’ हमेशा से केवल एक रियलिटी शो नहीं बल्कि मनोरंजन, रणनीति, दोस्ती, टकराव और भावनाओं का मिश्रण रहा है।
यही कारण है कि हर सीजन के साथ इसकी लोकप्रियता बढ़ती रही है। बीसवें सीजन के साथ यह शो भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे समय तक चलने वाले सफल रियलिटी कार्यक्रमों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। फिलहाल, पहले प्रोमो ने दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है। अब सभी की निगाहें 6 सितंबर को होने वाले ग्रैंड प्रीमियर पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो सकेगा कि सलमान खान के ‘करण-अर्जुन’ वाले बयान के पीछे आखिर क्या रहस्य छिपा है और ‘बिग बॉस 20’ दर्शकों के लिए इस बार कौन-कौन से नए सरप्राइज लेकर आने वाला है।

