धर्मांतरण के संवेदनशील विषय पर आधारित राजन मिश्रा द्वारा लिखित और निर्देशित “आर्टिकल 25′ एक कोर्टरूम ड्रामा है जिसका दहला देने वाला टीज़र मुम्बई में यशपाल शर्मा ने लॉन्च किया जो इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा रहे हैं। इस फिल्म में विन्न मोडगिल का भी किरदार बहुत मजबूत है। इस कोर्टरूम ड्रामा की कहानी धर्मांतरण, राजनीतिक साजिशों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में यशपाल शर्मा और विन्न मोडगिल के साथ-साथ राजगोपाल अय्यर, शक्ति कुमार, सुशील पराशर, आकांशा पांडे, पारुल राय और गरिमा कपूर अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण मेगापिक्सेल्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले राजन मिश्रा, तिरश पाल सिंह और अखिलेश त्रिपाठी ने किया है जबकि लेखक निर्देशक राजन मिश्रा और अंशुमन श्रीवास्तव हैं।
निर्माता निर्देशक राजन मिश्रा ने बताया कि भारतीय संविधान का आर्टिकल 25 देश के हर नागरिक को किसी भी धर्म को मानने की पूरी आजादी देता है। लेकिन गरीब लोगों को कुछ पैसों के बदले उनके धर्म का परिवर्तन कराने की ख़बर ने मुझे चौंकाया और इस फिल्म की कहानी लिखने के लिये प्रेरित किया। सच्ची घटनाओं पर आधारित और लखनऊ में फिल्माई गई यह कहानी एक मनोचिकित्सक लड़की की है, जिसका जीवन एक भयानक घटना के बाद बिखर जाता है। पारिवारिक दबाव और राजनीतिक प्रभाव के आगे न झुकते हुए, वह इन्साफ़ के लिए संघर्ष करने का निर्णय लेती है। जैसे-जैसे कोर्ट में मुकदमा आगे बढ़ता है, कई चौंकाने वाले रहस्य, राजनीतिक साजिशें, भ्रष्टाचार और एक धर्मांतरण नेटवर्क का पर्दाफाश होता है। मैं कहानी को ही इस फिल्म का हीरो मानता हूँ।”
प्रोड्यूसर्स राजन मिश्रा, अखिलेश त्रिपाठी और तिरश पाल सिंह को इस फ़िल्म की कहानी और इसके दमदार विषय पर पूरा भरोसा है कि दर्शक इस फ़िल्म से जुड़ेंगे और इसे पसंद करेंगे। ‘आर्टिकल 25’ न सिर्फ़ एक दिलचस्प कोर्टरूम ड्रामा है, बल्कि इसमें एक मज़बूत और सोचने पर मजबूर करने वाला सामाजिक संदेश भी है, जिसका उद्देश्य आर्टिकल 25 को लेकर जागरूकता फैलाना और सार्थक बातचीत को बढ़ावा देना है।
इस फ़िल्म में यशपाल शर्मा और विन्न मोडगिल अहम भूमिकाओं में हैं। शक्ति कुमार फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के पिता का किरदार निभा रहे हैं, जो कहानी में एक भावनात्मक पहलू जोड़ते हैं। राज गोपाल अय्यर और पारुल राय वकील की भूमिका में हैं. आकांक्षा पांडे एक मासूम सी दिखने वाली केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं, जिनका सफ़र फ़िल्म का एक अहम हिस्सा है। गरिमा कपूर पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार निभा रही हैं, जो कहानी और मामले की जांच में एक अहम पहलू जोड़ती हैं। फिल्म इस साल के अंत तक या 2027 के पहले महीने में सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।

